CRIME NEWSDEHRADUN

SSC परीक्षा में हाईटेक नकल गैंग का बड़ा खुलासा, STF ने दिल्ली से आरोपी दबोचा

SSC परीक्षा में हाईटेक नकल गैंग का बड़ा खुलासा, STF ने दिल्ली से आरोपी दबोचा

 

देहरादून: भारत केसरी

उत्तराखंड एसटीएफ ने SSC ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी पर परीक्षा लैब, सर्वर रूम और अंडरग्राउंड चेंबर तैयार कर नकल का नेटवर्क खड़ा करने का आरोप है। STF ने आरोपी के कब्जे से मिनी ब्लूटूथ डिवाइस, इंटरनेट राउटर, बैटरी, मोबाइल फोन और फर्जी आईडी कार्ड समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

एसटीएफ के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ की टीम ने दिल्ली निवासी ईश्वरी प्रसाद उर्फ इन्द्रजीत शर्मा उर्फ इन्दर को देहरादून के नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया। आरोपी वहां लैब में इंटरनेट राउटर लगाने की तैयारी कर रहा था।

 

जांच में सामने आया कि आरोपी ने 13 फरवरी 2026 को आयोजित SSC मल्टी टास्किंग स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के लिए महादेवी कन्या पाठशाला परीक्षा केंद्र में पूरा नेटवर्क तैयार किया था। इसमें सर्वर रूम से अलग कनेक्शन अंडरग्राउंड चेंबर तक पहुंचाया गया था, ताकि साल्वर रिमोट एक्सेस के जरिए प्रश्नपत्र हल कर सकें।

 

एसटीएफ ने बताया कि इस मामले में पहले भी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह दिल्ली में नेटवर्किंग और इलेक्ट्रिकल सेटअप का काम करता था और इसी दौरान नकल माफिया से जुड़ा। उसने देहरादून की कई लैब में तकनीकी सेटअप तैयार करने की बात भी कबूल की है।

 

गिरफ्तार आरोपी से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, 14 ब्लूटूथ डिवाइस, 20 बैटरियां, दो इंटरनेट राउटर और एक फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुआ है।

 

एसटीएफ ने यह भी खुलासा किया कि नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी समेत कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों के सर्वर से छेड़छाड़ की आशंका मिली है। 18 मई को होने वाली SSC कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा को देखते हुए STF ने इसकी सूचना तत्काल SSC के क्षेत्रीय निदेशक को दे दी है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और STF पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।