DG बंशीधर तिवारी खुद साइकिल से पहुंचे ऑफिस, कर्मचारियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
देहरादून। भारत केसरी
उत्तराखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से शनिवार को “No Vehicle Day” मनाने की अपील की, जिसके बाद उन्होंने स्वयं भी साइकिल से कार्यालय पहुंचकर एक सकारात्मक संदेश दिया।
*Bharat Kesari DIGITAL*
महानिदेशक बंशीधर तिवारी की इस पहल को विभागीय कर्मचारियों ने सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। उनका कहना है कि छोटी-छोटी पहल से बड़े बदलाव संभव हैं और यदि सप्ताह में एक दिन भी वाहन का कम उपयोग किया जाए तो इससे प्रदूषण कम करने के साथ-साथ ईंधन की बचत में भी मदद मिलेगी। शनिवार सुबह जब बंशीधर तिवारी साइकिल से कार्यालय पहुंचे तो कर्मचारियों और आम लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया। उनकी सादगी और जागरूकता भरे इस कदम को सोशल मीडिया पर भी काफी सराहा जा रहा है।
“No Vehicle Day” का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना, ट्रैफिक और प्रदूषण को कम करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। विभाग की यह पहल अब अन्य सरकारी विभागों और आम लोगों के लिए भी प्रेरणा बनती नजर आ रही है।
