Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

भाजपा में गुटबाजी खुलकर सामने, सांसद की बैठक से विधायकों की दूरी पर कांग्रेस का हमला

देहरादून, भारत केसरी

भाजपा में गुटबाजी खुलकर सामने, सांसद की बैठक से विधायकों की दूरी पर कांग्रेस का हमला

 

उत्तराखंड भाजपा में अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आती दिख रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चमोली में आयोजित दिशा समिति की बैठक में भाजपा के ही विधायकों द्वारा सांसद की बैठक का बहिष्कार किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना ने इसे भाजपा के भीतर सत्ता संघर्ष और गुटबाजी का बड़ा उदाहरण बताया है।

एआईसीसी सदस्य और उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने देहरादून में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि शुक्रवार को चमोली जनपद में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक आयोजित की गई थी।

धस्माना के अनुसार, बैठक के दौरान जिले के दोनों विधायक और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गोपेश्वर में मौजूद होने के बावजूद बैठक में शामिल नहीं हुए। उन्होंने दावा किया कि सांसद की ओर से अधिकारियों को उन्हें बुलाने भेजा गया, लेकिन विधायकों ने बैठक में आने से इनकार कर दिया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि बाद में सांसद अनिल बलूनी खुद निरीक्षण भवन पहुंचकर विधायकों से मिलने गए। धस्माना ने इसे भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी और शक्ति प्रदर्शन का संकेत बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल की अंदरूनी लड़ाई का असर अब प्रदेश के विकास कार्यों पर पड़ रहा है और इसकी कीमत जनता को चुकानी पड़ रही है।