जन समस्याओं के समाधान का भरोसेमंद मंच बना ‘जन दर्शन’, 300 से अधिक मामलों की सुनवाई
जन समस्याओं के समाधान का भरोसेमंद मंच बना ‘जन दर्शन’, 300 से अधिक मामलों की सुनवाई
देहरादून। भारत केसरी
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जन दर्शन कार्यक्रम में 300 से अधिक जन समस्याओं की सुनवाई की गई। भूमि विवाद, राशन कार्ड, अवैध कब्जा, इलाज, आर्थिक सहायता, स्कूल उत्पीड़न और मुआवजा जैसे कई गंभीर मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन सुनवाई के दौरान कई भावुक और गंभीर मामले सामने आए। प्रेमनगर निवासी एक बुजुर्ग ने बेटे-बहू द्वारा घर से निकालने और धमकाने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं एक विधवा महिला ने पति के निधन के बाद ई-रिक्शा ऋण की किश्तें जमा करने में असमर्थता जताई, जिस पर प्रशासन ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। राशन कार्ड न बनने की शिकायत पर डीएसओ को दो दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
सैसमै पब्लिक स्कूल पर बच्चों के उत्पीड़न, फीस वसूली और टीसी न देने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए। किसानों द्वारा सिंचाई गूल पर अवैध कब्जे की शिकायत पर भी संबंधित विभाग को तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
https://www.facebook.com/share/v/14ePMhorWu6/
जन दर्शन कार्यक्रम में इलाज, फीस माफी और आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील रवैये से जन दर्शन अब आम जनता के लिए न्याय और समाधान का भरोसेमंद मंच बनता जा रहा है।
