Uttrakhand

उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित हुईं 20 विभूतियां, पदम बहादुर मल्ल और डा. जयंत नवानी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

“यह दशक उत्तराखंड का होगा”, विकास विजन पर सरकार का फोकस : डा. आर राजेश कुमार

 

उत्तरजन टुडे के 10 वर्ष पूर्ण होने पर सम्मान समारोह और मंथन कार्यक्रम आयोजित

 

देहरादून। भारत केसरी

उत्तरजन टुडे पत्रिका के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह एवं मंथन कार्यक्रम में आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के लिए तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और संसाधनों के क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और सरकार का लक्ष्य विकास की किरण अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

 

‘उत्तराखंड का दशकः चुनौतियां और संभावनाएं’ विषय पर आयोजित मंथन कार्यक्रम में डा. राजेश कुमार ने कहा कि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान और जीवन स्तर सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि आने वाला दशक उत्तराखंड के नाम हो और राज्य देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।

 

कार्यक्रम में 1962 एशियन गेम्स में देश को बॉक्सिंग में पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले अर्जुन अवार्डी आनरेरी कैप्टन पदम बहादुर मल्ल तथा प्रसिद्ध आर्थोपेडिक सर्जन डा. जयंत नवानी को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने अपने संबोधन में बच्चों को नैतिक संस्कार देने और बोली-भाषा के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचतंत्र की कहानियां बच्चों को सुनानी चाहिए ताकि उनमें नैतिक मूल्यों का विकास हो सके। उन्होंने स्थानीय बोली-भाषाओं और उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

 

टिहरी गढ़वाल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. आशुतोष सयाना ने प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विस्तार को सराहा।

 

कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 20 विभूतियों को ‘उत्तराखंड गौरव’ सम्मान से नवाजा गया, जबकि 35 अन्य लोगों को विशेष सम्मान प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पूर्व आईजी सत्यशरण कोठियाल, पूर्व सूचना आयुक्त जेपी ममगाई, शिक्षाविद, समाजसेवी, चिकित्सक, सैन्य अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।