देहरादून में फर्जी होमस्टे पर प्रशासन का बुलडोजर, 103 के पंजीकरण रद्द
दून में फर्जी होमस्टे पर प्रशासन का बुलडोजर, 103 के पंजीकरण रद्द
देहरादून: भारत केसरी
देहरादून में होटल की तरह संचालित हो रहे अवैध होमस्टे पर जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन सफाई” के तहत अब तक 103 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों के विपरीत चल रहे होमस्टे अब किसी भी हालत में बख्शे नहीं जाएंगे। कार्रवाई के तहत इन होमस्टे को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की पांच मजिस्ट्रेट टीमों ने जिलेभर में 153 होमस्टे का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि कई होमस्टे होटल और बार की तरह संचालित किए जा रहे थे। कई जगहों पर रातभर डीजे, शराब पार्टियां और गैरकानूनी गतिविधियां चल रही थीं।
प्रशासन के मुताबिक कई मामलों में उपद्रवी प्रवृत्ति के लोग होमस्टे में ठहरकर शहर में नशे की हालत में हुड़दंग, ओवरस्पीड और फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे, जिससे कानून व्यवस्था पर खतरा पैदा हो रहा था।
निरीक्षण में कई गंभीर खामियां भी मिलीं। कई होमस्टे में अग्निशमन उपकरण नहीं थे, फूड लाइसेंस नहीं मिला, रसोई व्यवस्था गायब थी और कई इकाइयां लीज पर चलाई जा रही थीं। इतना ही नहीं, कई जगह निर्धारित क्षमता से ज्यादा कमरे संचालित किए जा रहे थे।
जिला प्रशासन ने तीन चरणों में कार्रवाई करते हुए पहले चरण में 17, दूसरे में 79 और तीसरे चरण में 7 होमस्टे के पंजीकरण रद्द किए हैं।
प्रशासन का कहना है कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति और रोजगार को बढ़ावा देना था, लेकिन कुछ लोगों ने इसे व्यवसायिक होटल और पार्टी हब में बदल दिया, जिस पर अब सख्ती शुरू कर दी गई है।
डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

