DEHRADUNUttarakhand Pradesh Congress Committee

कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ हल्लाबोल, पेट्रोल पंप पर धरने में गूंजा — “महंगाई डायन खाए जात है”

कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ हल्लाबोल, पेट्रोल पंप पर धरने में गूंजा — “महंगाई डायन खाए जात है”

 

देहरादून: भारत केसरी

पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय से राजपुर रोड स्थित यूनिवर्सल पेट्रोल पंप तक जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और कांग्रेस के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुआ जुलूस क्वालिटी चौक, राजपुर रोड और घंटाघर होते हुए यूनिवर्सल पेट्रोल पंप पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान ढोलक की थाप पर “सैंया पैसा तो बहुत ही कमात है, महंगाई डायन खाए जात है” गीत गाकर केंद्र सरकार पर तंज कसा गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक विकास भारद्वाज ने गीतों के माध्यम से प्रदर्शन को और धार दी।

 

धरने को संबोधित करते हुए सूर्यकांत धस्माना ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के संकट के लिए केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत को ईरान और रूस से सस्ता कच्चा तेल मिल रहा था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव में केंद्र सरकार ने इन स्रोतों को सीमित कर दिया, जिससे सप्लाई चेन प्रभावित हुई और देश में ईंधन संकट गहराया।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में रसोई गैस की भारी किल्लत है और गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। साथ ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से परिवहन महंगा होने के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं।

 

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि महंगाई के खिलाफ शुरू हुआ यह आंदोलन अब पूरे देहरादून और प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में महानगर के सभी वार्डों में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।

 

प्रदर्शन में मदन लाल, दिनेश कौशल, अनिल बस्नेत, कर्नल राम रतन सिंह नेगी, गरिमा मेहरा दसोनी, सुशीला शर्मा, जगदीश धीमान, ललित भद्री, मुकीम भूरा, वीरेंद्र पंवार, जितेंद्र तनेजा, राजीव प्रजापति, राजेश पुंडीर, अभिषेक तिवारी समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।