तेज तूफान से गिरे पेड़, लगी आग… अलर्ट मोड में दिखी दून फायर सर्विस
आंधी-तूफान के बीच अलर्ट मोड में दून फायर सर्विस, 24 घंटे में 19 घटनाओं पर ताबड़तोड़ एक्शन
देहरादून: भारत केसरी
देहरादून में मौसम का मिजाज बिगड़ते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम के बीच बीते 24 घंटों में पेड़ गिरने, आगजनी और रेस्क्यू समेत कुल 19 आपात घटनाओं पर फायर सर्विस की टीमों ने त्वरित कार्रवाई कर हालात को संभाला।


जानकारी के मुताबिक तेज हवाओं के चलते जिले के अलग-अलग इलाकों में 15 स्थानों पर भारी पेड़ और शाखाएं मुख्य मार्गों व रिहायशी क्षेत्रों में गिर गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही फायर कर्मियों ने आधुनिक उपकरणों और कटर मशीनों की मदद से रास्ते साफ कर आवाजाही बहाल कराई।
फायर स्टेशन देहरादून में 7 पेड़ गिरने और 2 आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जबकि सेलाकुई और ऋषिकेश में 2-2 स्थानों पर पेड़ गिरे। डोईवाला में 1, मसूरी में 3 जगह पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं। मसूरी में एक गाय का सफल रेस्क्यू भी किया गया। वहीं विकासनगर क्षेत्र में भी आग लगने की घटना पर फायर टीम ने तत्काल काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) देहरादून ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिले के सभी फायर स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया था। उन्होंने कहा कि जवानों ने बेहद कम रिस्पॉन्स टाइम में सभी घटनाओं पर कार्रवाई कर जनहानि और बड़े नुकसान को टालने में सफलता हासिल की।
फायर एंड इमरजेंसी सर्विस ने खराब मौसम के दौरान आम लोगों से भी सतर्क रहने और आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।

