DEHRADUNUttrakhand

देहरादून में फेक न्यूज को लेकर दिग्गजों की दो टूक,पत्रकारिता पर बड़ा सवाल

 

*“फास्ट फूड” बनती पत्रकारिता पर बड़ा सवाल! देहरादून में फेक न्यूज को लेकर दिग्गजों की दो टूक*

 

देहरादून: भारत केसरी

डिजिटल दौर में तेजी से बदलती पत्रकारिता और फेक न्यूज के बढ़ते खतरे को लेकर देहरादून में बड़ा मंथन देखने को मिला। देवभूमि पत्रकार यूनियन के पत्रकारिता दिवस समारोह में देश के नामी पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और राजनीतिक हस्तियां एक मंच पर जुटीं, जहां खबरों की गिरती विश्वसनीयता और सोशल मीडिया की चुनौती पर खुलकर चर्चा हुई।

उत्तरांचल प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. बी.के.एस. संजय ने पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि आज की खबरें “फास्ट फूड” जैसी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले खबर दिखाने की होड़ में फैक्ट-चेक और गहराई खत्म होती जा रही है, जो समाज के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।

 

वहीं सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए वीसी बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने जहां सूचना को तेज बनाया है, वहीं फेक न्यूज का खतरा भी कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता ही मीडिया की विश्वसनीयता बचा सकती है।

 

कार्यक्रम में राज्यमंत्री अशोक वर्मा, विनोद उनियाल, कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, डॉ. देवेंद्र भसीन, योगेश भट्ट और अजय राणा समेत कई वक्ताओं ने डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और पत्रकारिता की जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे।

 

इस दौरान देवभूमि पत्रकार यूनियन की ओर से वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।