2027 फतह के मिशन में जुटी भाजपा, सांसद-विधायकों को मिला “बूथ जीतने” का मंत्र
*2027 फतह के मिशन में जुटी भाजपा, सांसद-विधायकों को मिला “बूथ जीतने” का मंत्र*
*भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा संदेश — गांव-गांव पहुंचाओ मोदी सरकार के 12 साल का रिपोर्ट कार्ड*
*हारी सीटों पर भाजपा का फोकस तेज, सांसदों को मिलेगा विशेष जिम्मा*
देहरादून: भारत केसरी
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से रणनीतिक तैयारी तेज कर दी है। देहरादून में आयोजित अहम बैठक में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने सांसदों और विधायकों को संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण का मंत्र दिया।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी जनप्रतिनिधियों को गांव-गांव जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रत्येक विधानसभा में 100 प्रभावशाली और बुद्धिजीवी लोगों से संपर्क कर “पार्टी विचार परिवार” को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, बूथ टोलियों के सत्यापन और कमजोर बूथों पर विशेष फोकस की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पार्टी की चुनावी ताकत बूथ कार्यकर्ता हैं और उसी आधार पर आगामी चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन विधानसभा सीटों पर भी विशेष फोकस करने को कहा, जहां भाजपा पिछला चुनाव हार गई थी या जीत का अंतर बेहद कम रहा। इन सीटों पर लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को अतिरिक्त जिम्मेदारी देने की तैयारी है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि मोदी सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर विशेष पत्रक और पंपलेट गांव-गांव तक पहुंचाए जाएंगे, ताकि जनता तक विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा पहुंचे।
