DEHRADUNDM DEHRADUNUttrakhand

मानसून से पहले डीएम का अल्टीमेटम: 7 जून तक पूरे करें सभी जरूरी काम, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

 

मानसून से पहले डीएम का अल्टीमेटम: 7 जून तक पूरे करें सभी जरूरी काम, लापरवाही पर होगी सख्त कार्यवाही।

आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को टास्क फोर्स और कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश

देहरादून: भारत केसरी

मानसून की दस्तक से पहले जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने साफ शब्दों में कहा है कि आपदा प्रबंधन और जनहित से जुड़े सभी प्राथमिकता वाले कार्य 7 जून तक हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या विभागों के बीच समन्वय की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

रविवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में डीएम ने सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, नगर निगम, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ मानसून तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं के अनुरूप सभी विभागों को बेहतर तालमेल के साथ कार्य करना होगा। सड़कों पर चल रही जनहित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर 7 जून तक पूरा कर संबंधित सड़कें लोक निर्माण विभाग को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय रहते मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य हो सके।

 

बैठक में नदी, नहरों और बरसाती नालों के चैनलाइजेशन कार्य को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग को सड़कें गड्ढामुक्त बनाने तथा नालियों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जलभराव वाले क्षेत्रों में क्यूआरटी टीमों की तैनाती, संवेदनशील इलाकों में वाटर पंप के साथ टास्क फोर्स की व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

 

डीएम ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का स्वयं मूल्यांकन किया जाएगा।

 

कुल मिलाकर मानसून से पहले जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब अधिकारियों पर भारी पड़ सकती है।