DEHRADUNDM DEHRADUN

डीएम आशीष चौहान का बड़ा फैसला,अब हर सोमवार होगा ‘समाधान दिवस’

देहरादून। भारत केसरी

जन समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार ‘समाधान दिवस’ के रूप में आयोजित किया जाएगा, जहां आने वाली हर शिकायत को ऑनलाइन दर्ज कर उसकी ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग की जाएगी।

 

ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित पहले समाधान दिवस में कुल 132 शिकायतें जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के समक्ष पहुंचीं। इनमें सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, अतिक्रमण, सार्वजनिक रास्तों, आर्थिक सहायता और राजस्व संबंधी समस्याओं से जुड़े रहे।

शिकायतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डीएम ने भूमि विवादों के निस्तारण के लिए जनपद स्तर पर हाई-लेवल स्पेशल सेल बनाने के निर्देश दिए। यह सेल सीमांकन, कब्जा, अतिक्रमण, किरायेदारी और ऋण विवाद जैसे मामलों का फास्ट ट्रैक निस्तारण करेगा।

बैठक के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को भी अहम निर्देश दिए। उन्होंने दूरस्थ और सड़क संपर्क से कटे गांवों में गर्भवती महिलाओं का विशेष डाटा तैयार करने और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी मामलों की लगातार निगरानी करने को कहा। साथ ही अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए टोकन व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए।

 

समाधान दिवस में पहुंचे 89 वर्षीय पूर्व सैनिक राधेश्याम ने किरायेदार द्वारा मकान खाली न करने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर डीएम ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं अन्य कई बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों की शिकायतों पर भी मौके पर संबंधित अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा जनजातीय क्षेत्रों चकराता, क्वांसी और लाखामंडल में ‘खुशियों की सवारी’ एंबुलेंस सेवा शुरू करने तथा देहरादून-डोईवाला-भानियावाला-जौलीग्रांट मार्ग पर बस सेवा शुरू करने के प्रस्तावों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।