भाजपा प्रवक्ता ने छोड़ी कार, 19 दिनों से साइकिल पर सफर; बची रकम से करेंगे समाजसेवा
देहरादून। भारत केसरी
प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत के संदेश से प्रेरित होकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने एक अनोखी पहल शुरू की है। पिछले 19 दिनों से वह कार की बजाय साइकिल से अपने दैनिक कार्यों और आवागमन को पूरा कर रहे हैं।
नवीन ठाकुर का कहना है कि पहले उन्हें प्रतिदिन लगभग 500 रुपये का पेट्रोल खर्च करना पड़ता था, लेकिन साइकिल अपनाने से अब तक करीब साढ़े नौ हजार रुपये की बचत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि यह बचत केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बचाई गई राशि को समाजसेवा के कार्यों में लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सबसे पहले आर्थिक संकट से जूझ रहे एक पत्रकार साथी की सहायता की जाएगी। इसके अलावा जरूरतमंद बेटियों, गरीब बच्चों और अन्य जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी इस धनराशि का उपयोग किया जाएगा।
नवीन ठाकुर ने लोगों से भी अपील की कि वे सप्ताह में कुछ दिन निजी वाहनों के बजाय साइकिल या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहलें समाज में बड़ा बदलाव ला सकती हैं और हर नागरिक को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

