उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी
देहरादून। भारत केसरी
उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा के कुल 6 अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार सचिव स्तर से लेकर अपर सचिव स्तर तक कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां बदली गई हैं। आईएएस अधिकारी विनोद कुमार सुमन को यू-प्रिपेयर (U-PREPARE) परियोजना निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आईएएस अधिकारी सौरभ गहरवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
आईएएस अधिकारी धरणा कामदान को पेयजल विभाग में अपर सचिव एवं स्वजल निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रकाश चंद्र को समाज कल्याण विभाग से स्थानांतरित कर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
इसके अलावा सुंदर लाल सेमवाल को समाज कल्याण विभाग और बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम का प्रबंध निदेशक एवं दिव्यांगजन आयुक्त का दायित्व सौंपा गया है। सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और सचिवालय प्रशासन विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

