धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का CBSE कार्यालय पर प्रदर्शन
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का CBSE कार्यालय पर प्रदर्शन
देहरादून। भारत केसरी
नीट परीक्षा पेपर लीक, सीबीएसई कॉपी जांच में कथित गड़बड़ियों और सीयूईटी परीक्षा को लेकर उठे विवादों के बीच कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कौलागढ़ स्थित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की परीक्षा व्यवस्था को संभालने में विफल रही है और लगातार सामने आ रहे विवादों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
धस्माना ने कहा कि नीट पेपर लीक, सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया पर उठे सवाल और सीयूईटी परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार एक निष्पक्ष परीक्षा तक नहीं करा पा रही है, तो उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने भी केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र और अभिभावक परीक्षा प्रणाली को लेकर असमंजस और आक्रोश की स्थिति में हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

