ऑपरेशन प्रहार: दून पुलिस ने तोड़ा कोबरा गैंग का नेटवर्क, 20 लाख की कोकीन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार: दून पुलिस ने तोड़ा कोबरा गैंग का नेटवर्क, 20 लाख की कोकीन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। भारत केसरी
मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजपुर थाना पुलिस ने कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों समेत तीन शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े कुछ ड्रग पैडलर राजपुर क्षेत्र में हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन सप्लाई करने पहुंचे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों को 9.15 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सीआईएसएफ तिराहा, ओल्ड मसूरी रोड के पास एक कार सवार आरोपी को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माइकल इक्का मेकसन और लेविकिरी वानिकी निवासी सूडान तथा जावेद आलम निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दिल्ली से लाई गई थी कोकीन
पूछताछ में विदेशी आरोपियों ने खुद को कोबरा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया। उन्होंने खुलासा किया कि वे दिल्ली से कोकीन लाकर विभिन्न राज्यों में अपने एजेंटों और पैडलरों के माध्यम से सप्लाई करते हैं। इस खेप को भी कुछ दिन पहले दिल्ली से लाया गया था और इसे देहरादून की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में खपाने की तैयारी थी।
वहीं गिरफ्तार आरोपी जावेद आलम ने बताया कि वह दिल्ली से कोकीन लेकर देहरादून में सप्लाई करने का काम करता था। पुलिस को पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनकी तलाश जारी है।
पहले भी जेल जा चुके हैं गैंग के सदस्य
राजपुर पुलिस इससे पहले भी कोबरा गैंग के 13 सदस्यों समेत कई नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग से पूर्व में करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य की 200 ग्राम कोकीन बरामद की जा चुकी है।
5 महीने में 145 नशा तस्कर गिरफ्तार
दून पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस दौरान 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
एसएसपी देहरादून ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

