CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

मसूरी में हुड़दंगियों पर दून पुलिस का प्रहार, चलती कार की छत पर बैठकर स्टंट करना पड़ा भारी

देहरादून/मसूरी। भारत केसरी

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मसूरी में हुड़दंग करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। वायरल वीडियो में एक युवक लाल रंग की ब्रेजा कार की छत पर बैठकर सार्वजनिक शांति भंग करता दिखाई दे रहा था।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मसूरी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन व युवकों की पहचान की। जांच में वाहन संख्या UK17W-3081 की पहचान होने के बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।

पुलिस ने वाहन के अंदर और छत पर बैठकर हुड़दंग करने वाले युवकों को हिरासत में लिया तथा उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

 

पुलिस के अनुसार कार सवार की पहचान शिवम पुत्र सोमपाल, निवासी अकबरपुर कालसो, भगवानपुर (हरिद्वार) के रूप में हुई है।

दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और हुड़दंग, स्टंटबाजी तथा सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।