DEHRADUNInternational yoga day

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, सीडीओ ने विभागों को दिए समन्वय के निर्देश

देहरादून। भारत केसरी 

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने योग दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रमों और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

 

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।

 

बैठक के दौरान ‘योग ब्रेक’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें योग प्रशिक्षक रविन्द्र थपलियाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।

 

प्रशासन ने सभी विभागों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों को जन-आंदोलन का रूप देने और अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।