कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था पर नगर आयुक्त सख्त, अब एसएसजी महिलाएं भी करेंगी चालान
देहरादून , भारत केसरी
नगर निगम देहरादून में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूजर चार्ज का भुगतान केवल निगम द्वारा अधिकृत क्यूआर कोड और मशीनों के माध्यम से ही लिया जाएगा तथा प्रत्येक उपभोक्ता को रसीद देना अनिवार्य होगा।

बैठक में एसएसजी (स्वयं सहायता समूह) की महिलाओं को चालान प्रक्रिया से जोड़ने का निर्णय भी लिया गया। इसके लिए उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण और अधिकार दिए जाएंगे। वहीं सभी एसएसजी कार्यकर्ताओं को पहचान के लिए आई-कार्ड और कैप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने सेनेट्री इंस्पेक्टर्स के लिए ड्रेस कोड लागू करने के भी निर्देश दिए, ताकि फील्ड में उनकी पहचान और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने गीले और सूखे कचरे के पृथक संग्रहण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आगामी 15 दिनों में जमीनी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल कूड़ा उठाना नहीं, बल्कि स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिकों के प्रति जवाबदेह शहर का निर्माण करना है। स्वच्छ देहरादून के लिए सुधारात्मक कदम लगातार जारी रहेंगे।
