संस्कृति के मंच से विकास का संदेश, धामी ने खोला सौगातों का पिटारा
जौनसार-बावर को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, विकास योजनाओं की झड़ी
देहरादून/नागथात। भारत केसरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नागथात स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री केदार सिंह स्टेडियम में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने जौनसार-बावर क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की। इनमें सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण, पेयजल योजनाएं, नए संपर्क मार्ग और स्कूलों के उन्नयन जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौनसार-बावर केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और मेहनतकश लोगों के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यहां की हारूल, रासो और बौंद जैसी लोक परंपराएं उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की धरोहर हैं।
उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है, जहां सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चकराता क्षेत्र में 39 करोड़ रुपये की 56 विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई थी, जिनमें से 51 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। वहीं क्षेत्र की सड़कों को मजबूत करने के लिए 1300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-707 और 707ए का चौड़ीकरण युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके अलावा न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर 229 करोड़ रुपये तथा महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान पर तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और आने वाले समय में जौनसार-बावर क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
