ऑपरेशन प्रहार: दुष्यंत गौतम को हत्याकांड में फंसाने की कथित साजिश, पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार
देहरादून। भारत केसरी
उत्तराखंड पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत दून पुलिस ने ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार किया है। उन पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को एक चर्चित और संवेदनशील हत्याकांड में फंसाने की साजिश रचने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सामग्री प्रसारित कर माहौल खराब करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 5 जनवरी 2026 को दुष्यंत कुमार गौतम ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों के साथ मिलकर उनकी और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कथित रूप से फर्जी ऑडियो और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए।
शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने गहन विवेचना के निर्देश दिए।
पुलिस जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गईं। इसके बाद पुलिस टीम ने 14 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना अभी जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है
।
