10 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: छोटे भाई ने ही की बड़े भाई की हत्या, देहरादून पुलिस ने किया गिरफ्तार
देहरादून। भारत केसरी
पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके छोटे भाई ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 14 जून की रात सूचना मिली थी कि भुड्डी गांव में एक युवक को अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर गोली मार दी है। घायल युवक सोहेल हारून को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस को पता चला कि घटना के समय घर में कोई बाहरी व्यक्ति प्रवेश नहीं हुआ था। साथ ही घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जानबूझकर हटाई गई थी। तलाशी के दौरान घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गई एक 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद हुई।
पुलिस ने मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून से पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने बड़े भाई सोहेल की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
https://www.facebook.com/share/v/1D9tAMUNxN/
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी फिजूलखर्ची तथा महंगे शौक पूरे करने के लिए घर से पैसे लेता था। कुछ समय पहले उसने अपने पिता के एटीएम कार्ड से कथित तौर पर करीब 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे। इस बात को लेकर बड़े भाई सोहेल ने उसकी पिटाई की थी और लगातार उसकी गलत आदतों का विरोध करता था।
इसी रंजिश में शाहिद ने अपने भाई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी ने दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी और 14 जून की रात देशी पिस्टल से गोली मारकर सोहेल की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर की झूठी कहानी गढ़ी। इतना ही नहीं, उसने ग्रामीणों को उकसाकर अपने भाई के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन और जाम भी कराया, ताकि शक उससे दूर रहे।
पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी शाहिद हारून (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने और कानून व्यवस्था बाधित करने के मामले में भी आरोपी समेत अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
दून पुलिस ने इस संवेदनशील मामले का 10 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

