Uttrakhand

रिया की मौत पर राहुल गांधी ने जताई संवेदना, कांग्रेस बोली- छात्रों की आवाज़ को मिला राष्ट्रीय मंच

देहरादून। भारत केसरी 

देहरादून की छात्रा रिया और राजस्थान के सीकर निवासी छात्र उमेश की दुखद मृत्यु पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा व्यक्त की गई संवेदना को उत्तराखंड कांग्रेस ने छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने वाला कदम बताया है।

कांग्रेस के अनुसार रिया की आत्महत्या केवल एक परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की अव्यवस्थित व्यवस्था और छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव का गंभीर संकेत है। पार्टी का कहना है कि देशभर के लाखों छात्र इसी तरह के तनाव और असुरक्षा के माहौल में अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

 

उत्तराखंड कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों के सपनों, संघर्षों और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जिस संवेदनशीलता का परिचय दिया है, वह युवाओं की वास्तविक समस्याओं को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

 

पार्टी ने कहा कि किसी भी परीक्षा प्रणाली का उद्देश्य युवाओं को अवसर प्रदान करना होना चाहिए, न कि उन्हें निराशा और हताशा की स्थिति में पहुंचाना। रिया जैसी प्रतिभाशाली छात्राओं की असमय मृत्यु पूरे समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

https://x.com/rahulgandhi/status/2067186848947204392?s=46

 

 

कांग्रेस ने केंद्र सरकार से प्रतियोगी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने तथा युवाओं के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

 

पार्टी का कहना है कि छात्रों का भविष्य, उनके सपने और मानसिक स्वास्थ्य किसी भी राजनीतिक बहस से ऊपर हैं और इस दिशा में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।