मानसून से पहले अलर्ट मोड में देहरादून, आपदा तैयारियों की प्रमुख सचिव ने की समीक्षा
देहरादून ,भारत केसरी
देहरादून में आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। प्रमुख सचिव एवं जनपद प्रभारी डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने जिला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में आपदा प्रबंधन, जलभराव, भूस्खलन और बाढ़ सुरक्षा कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में बताया गया कि जनपद के 169 नालों में से 153 की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष नालों पर कार्य तेजी से जारी है। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 39 डी-वॉटरिंग पंप तैनात किए गए हैं।
प्रमुख सचिव ने आईएसबीटी क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए एमडीडीए, नगर निगम, सिंचाई विभाग, लोनिवि और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही 12 भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और संवेदनशील नदी-नालों की लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी बताया गया कि मानसून के दौरान जोखिम वाले 89 स्कूलों और 73 संपर्क-विहीन गांवों को चिन्हित किया गया है। गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा के लिए उन्हें समय से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने की व्यवस्था भी की गई है।

समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के साथ कार्लीगाड़ और माझाड़ा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर पुनर्वास और नदी चैनलाईजेशन कार्यों का जायजा लिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रहेगा और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

