उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत: समान वेतन की कट-ऑफ तिथि बढ़ी, धामी सरकार का जताया आभार
देहरादून। भारत केसरी
उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट द्वारा समान कार्य के लिए समान वेतन संबंधी पात्रता की कट-ऑफ तिथि 12 नवंबर 2018 से बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2024 किए जाने के निर्णय का उपनल कर्मचारियों ने स्वागत किया है। इस फैसले से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

उपनल कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं राज्य मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह निर्णय हजारों कर्मचारियों के हित में लिया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले सरकार ने 12 नवंबर 2018 तक 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ देने का निर्णय लिया था। लेकिन इसके बाद सेवा अवधि पूर्ण करने वाले अनेक कर्मचारी इस लाभ से वंचित रह गए थे। अब कट-ऑफ तिथि को 15 अक्टूबर 2024 तक बढ़ाने से ऐसे कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
विनोद गोदियाल ने कहा कि हाल ही में उपनल कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल कार्मिक सचिव शैलेश बगौली से मिला था। बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया था और कैबिनेट का यह फैसला उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
महासंघ ने इस निर्णय को उपनल कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित मुद्दे के समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
इस संबंध में जानकारी महासंघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह चौहान द्वारा दी गई।
