STF का बड़ा एक्शन: सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथ फैलाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, हथियार व डेटोनेटर बरामद
देहरादून/गदरपुर। भारत केसरी
उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से कट्टरपंथी एवं राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उधमसिंहनगर जिले के गदरपुर निवासी मोहम्मद सलाउद्दीन के रूप में हुई है।

STF के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से टेलीग्राम, सिग्नल और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई संदिग्ध चैट, ग्रुप और सामग्री मिलने का दावा किया गया है। प्रारंभिक जांच में युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रभावित करने तथा सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता के खिलाफ गतिविधियों को बढ़ावा देने के संकेत मिले हैं।
STF का कहना है कि आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराज्यीय और संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के संकेत भी सामने आए हैं। जांच के दौरान हथियारों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण एवं आवाजाही से जुड़ी संदिग्ध बातचीत मिलने की बात भी कही गई है, जिसकी तकनीकी और फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
देर रात्रि चलाए गए सर्च अभियान में आरोपी की निशानदेही पर एक इंग्लिश पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर और AK-47 के दो कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया गया है। STF की विशेष टीम संभावित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में उत्तर प्रदेश में भी दबिश दे रही है।
मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152, 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। STF ने बताया कि मामले से संबंधित सभी अभिसूचना एजेंसियों को अवगत करा दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
STF ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़ी कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस या STF को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

