NEET (UG) परीक्षा को लेकर दून पुलिस अलर्ट, सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम
देहरादून: भारत केसरी
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) पुनः परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए दून पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

पुलिस ने परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है, जो प्रतिदिन केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश-निकास व्यवस्था और बैठने की योजना सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।
वहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और ढाबों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर सत्यापन की कार्रवाई भी की जा रही है।
दून पुलिस का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
