Employment newsUttrakhand

बेरोजगार युवाओं के लिए देहरादून में 29 जून को रोजगार मेला, 85 पदों पर भर्ती का सुनहरा मौका

देहरादून: भारत केसरी 

प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 29 जून 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की 6 प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और कुल 85 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।


क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार मेलों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। मेले में देहरादून समेत अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी भाग ले सकेंगे।

 

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में की गई है। हालांकि रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण कराया जा सकेगा। उम्मीदवारों को अपना बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

 

रोजगार मेले में थेटा फार्मा, विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लेबोरेट्रीज, अम्भर, मेंटोरे वॉटर एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड और लाइटेनियम टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।