उत्तराखंड में रेलवे विस्तार को मिलेगी रफ्तार, सीएम धामी ने रखी बड़ी मांगें
देहरादून। भारत केसरी
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन श्री सतीश कुमार के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य की प्रमुख रेल परियोजनाओं और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को तय समय में पूरा करने पर जोर देते हुए इसे चारधाम यात्रा और पर्यटन के लिए बेहद अहम बताया। वहीं टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना, कर्णप्रयाग-बागेश्वर रेल लाइन और किच्छा-खटीमा रेल लाइन को आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया।

सीएम धामी ने देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताई। साथ ही आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं विकसित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबल ट्रैक की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई की मांग की। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से कार्यवाही का भरोसा दिलाया।

