Mussoorie-Dehradun Development AuthorityUttrakhand

योग की छांव में विकास का संकल्प: सिटी फॉरेस्ट पार्क में उमड़ा जनसैलाब, 1000 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योग

देहरादून। भारत केसरी

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रकृति की गोद में आयोजित इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन और स्वस्थ समाज का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

सुबह की ताजा हवा, हरियाली और प्राकृतिक वातावरण के बीच योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

 

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली में अपना रहे हैं।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से योग और आध्यात्मिक साधना की भूमि रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

 

कार्यक्रम के समापन पर एमडीडीए द्वारा योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

 

सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण

 

योग कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण कर विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, साइकिल ट्रैक, ओपन जिम, थ्री-डी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ईवी चार्जिंग स्टेशन और कैफेटेरिया सहित कई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

 

मुख्य सचिव ने पार्क में आने वाले लोगों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया और अधिकारियों को क्यूआर कोड आधारित डिजिटल फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक अपनी राय और सुझाव सीधे दर्ज कर सकें।

एमडीडीए ने मुख्य सचिव के सुझावों के अनुरूप पार्क में डिजिटल सेवाओं और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य शुरू करने की बात कही है।

 

उन्होंने पार्क की स्वच्छता, हरियाली और आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क शहरी जीवन के बीच प्रकृति से जुड़ने का एक उत्कृष्ट माध्यम बनकर उभरा है।