Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, 28 जून से जन जागरूकता अभियान, 10 जिलों की कमान चार दिग्गज नेताओं को

देहरादून ,भारत केसरी 

उत्तराखंड कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक आगाज करते हुए 28 जून से प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस इस अभियान के जरिए सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को जनता के बीच ले जाने का दावा कर रही है।

 

 

शनिवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संयुक्त रूप से अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान चुनावी प्रक्रिया का पहला चरण होगा, जिसके तहत पार्टी नेता प्रदेश की विभिन्न विधानसभाओं में पहुंचकर आम जनता और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करेंगे।

https://www.facebook.com/share/v/1Jgmvh2mKY/

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है। पार्टी इन मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेगी और सरकार की नीतियों की वास्तविकता जनता के सामने रखेगी।

चार जोन में बांटा गया अभियान

अभियान के पहले चरण में प्रदेश के 10 जिलों को चार जोन में विभाजित किया गया है।

पहला जोन: पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत

इस जोन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल करेंगे।

दूसरा जोन: रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और चमोली

इस क्षेत्र की जिम्मेदारी चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत को सौंपी गई है।

तीसरा जोन: उत्तरकाशी और टिहरी

इस जोन में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह स्वयं अभियान का नेतृत्व करेंगे।

चौथा जोन: अल्मोड़ा और नैनीताल

इन जिलों की कमान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा संभालेंगे।

हरीश रावत और यशपाल आर्य को विशेष जिम्मेदारी

प्रीतम सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को चारों जोनों में कहीं भी जाकर अभियान में भाग लेने की स्वतंत्रता दी गई है। पार्टी का प्रयास रहेगा कि दोनों वरिष्ठ नेता सभी जोनों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं और जनता के बीच संवाद स्थापित करें तथा अभियान को मजबूती प्रदान करें।

परिवर्तन की लहर का दावा

कांग्रेस का कहना है कि जन जागरूकता अभियान के माध्यम से सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने लाया जाएगा। पार्टी का दावा है कि यह अभियान प्रदेश में बदलाव की नींव रखेगा और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत आधार प्रदान करेगा।

28 जून से शुरू होने वाला यह अभियान कांग्रेस के लिए चुनावी तैयारियों का पहला बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ-साथ जनसमर्थन जुटाने की रणनीति पर काम करेगी।