पूर्व पार्षद नरेश रावत ने थामा कांग्रेस का दामन, गणेश गोदियाल ने किया स्वागत
देहरादून। भारत केसरी
उत्तराखंड कांग्रेस को रायपुर विधानसभा क्षेत्र में उस समय मजबूती मिली जब वार्ड नंबर 65 के पूर्व पार्षद नरेश रावत अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजपुर रोड में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने माल्यार्पण और पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ के नेतृत्व में नरेश रावत और उनके सहयोगियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस की नीतियों और Rahul Gandhi के संघर्ष से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नरेश रावत और उनके सहयोगियों के कांग्रेस में शामिल होने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी तथा वे सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में सूरज रावत, नत्थी लाल डोरियल, नवीन पहाड़ी और जवाहर प्रसाद प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्ण सिंह रावत, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह बिष्ट, सुरेंद्र रांगड़ और अश्वनी बहुगुणा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

