एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 80 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
देहरादून। भारत केसरी
उत्तराखंड में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और थाना पटेलनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा है। संयुक्त टीम ने एक ट्रक से कुल 80 पेटी पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर राज्य में हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से होने वाली अवैध शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 जून को एसटीएफ और पटेलनगर पुलिस ने थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक से रायस्टैग, मैकडॉवेल और इंपीरियल ब्लू ब्रांड की कुल 80 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक जगजीत सिंह पुत्र हरदीत सिंह, निवासी बुडनपुर, थाना बनूर, जिला मोहाली (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब मोहाली, पंजाब से लाई गई थी और देहरादून में फुटकर बिक्री के लिए सप्लाई की जानी थी। मामले में थाना पटेलनगर में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब और नशे के कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

