नीलम अग्रवाल स्मृति ट्रस्ट की अनूठी पहल, साल में चार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का संकल्प
देहरादून, भारत केसरी
स्वर्गीय श्रीमती नीलम अग्रवाल की स्मृति में स्थापित नीलम अग्रवाल स्मृति ट्रस्ट समाज सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से वर्ष में चार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया है।

कैंट रोड स्थित अग्रवाल परिसर में आयोजित तीसरे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में सैकड़ों मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराई और निःशुल्क दवाओं का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि समाज में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों की आज सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित और बीमार लोगों की सेवा ही सच्चे अर्थों में ईश्वर की सेवा है।
डॉ. सुनील अग्रवाल ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा पहला स्वास्थ्य शिविर 3 जनवरी को, दूसरा 26 मई को, तीसरा 22 जून को वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया, जबकि चौथा स्वास्थ्य शिविर 20 जुलाई को स्वर्गीय नीलम अग्रवाल की पुण्यतिथि पर आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, अशोक वर्मा, शमशेर सिंह बिष्ट, सचिन जैन, मधु जैन, मनमोहन शर्मा, प्रमोद गुप्ता, इंदु शर्मा, अनिल वर्मा, योगेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पित यह पहल जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद लेकर आई है।

