DEHRADUNDM DEHRADUN

डीएम का सख्त संदेश: समय पर पूरा करें काम, नहीं तो लगेगा जुर्माना

देहरादून, भारत केसरी 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित जनपद स्तरीय परियोजना समन्वय समिति की बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों के भूमिगत कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि जनता की सुविधा सर्वोपरि है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक में 14 विभागों और एजेंसियों के प्रस्तावों पर विचार करते हुए कुछ आवश्यक कार्यों को रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक सशर्त अनुमति दी गई। साथ ही मानसून के दौरान सुधारीकरण हो चुकी सड़कों पर खुदाई और रोड कटिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

ईसी रोड स्थित होटल रिजेंट के पास सीवर चैंबर निर्माण और ट्रंक लाइन इंटरकनेक्शन जैसे दो-तीन दिन के कार्य को छह माह तक लंबित रखने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी।

 

डीएम ने चेतावनी दी कि तय समय में कार्य पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा, आरसी काटी जाएगी और भारी आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि रात्रिकालीन खुदाई के बाद सुबह तक सड़क को पूर्व स्थिति में लाना अनिवार्य होगा।

डॉ. चौहान ने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी, अनुमति से अधिक रोड कटिंग या अधूरी खुदाई छोड़ने पर प्रशासन जब्ती और मुकदमा दर्ज करने जैसी कठोर कार्रवाई भी करेगा।

प्रशासन ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि विकास कार्यों की नियमित निगरानी और त्वरित संवाद सुनिश्चित किया जा सके।