ऑपरेशन प्रहार: 40 लाख की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 2 शातिर चोर गिरफ्तार
देहरादून, भारत केसरी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की रणनीति के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत थाना सेलाकुई पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने सेलाकुई क्षेत्र में हुई चोरी की पांच अलग-अलग घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान, 3 लाख 90 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा चोरी का सामान बेचकर कमाए गए 2 लाख 50 हजार रुपये अभियुक्त के बैंक खाते में पाए जाने पर खाते को भी फ्रीज करा दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात के समय सुनसान व बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बाहर गए परिवारों के घर इनके निशाने पर रहते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास निवासी सहारनपुर और सुमित कुमार निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में दोनों ने सेलाकुई क्षेत्र में हुई पांच चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह का एक अन्य सदस्य भी प्रकाश में आया है, जिसकी तलाश जारी है। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को 2500 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
दून पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचना आसान नहीं होगा।

