भू-माफिया और जमीन घोटालों के खिलाफ कांग्रेस का सचिवालय कूच, गणेश गोदियाल समेत कई नेता हिरासत में
देहरादून, भारत केसरी
उत्तराखंड में कथित भूमि घोटालों, भू-माफियाओं के बढ़ते प्रभाव और सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए सचिवालय कूच किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च निकालते हुए सचिवालय की ओर बढ़े। सुभाष रोड पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी धक्का-मुक्की भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार भू-माफियाओं को संरक्षण दे रही है और सरकारी, वन एवं ग्राम समाज की जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही। पार्टी ने मांग की कि प्रदेशभर में सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर हुए अतिक्रमणों की जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भूमि विवाद और कथित भू-घोटालों को लेकर भी सरकार को घेरा। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि भू-माफियाओं के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

