गिग वर्कर्स के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए कांग्रेस का न्याय संवाद
देहरादून: भारत केसरी
राहुल गांधी के “व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट” के तहत उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने राजीव भवन, देहरादून में “गिग वर्कर न्याय संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ब्लिंकिट, स्विगी, जोमैटो और रैपिडो जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़े गिग वर्कर्स ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस की प्रभारी हरनीत कौर बरार, प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने श्रमिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान गिग वर्कर्स ने असुरक्षित कार्य परिस्थितियों, आय में अनिश्चितता, दुर्घटना बीमा की कमी, सामाजिक सुरक्षा के अभाव और आईडी बंद किए जाने जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।
हरनीत कौर बरार ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले लाखों गिग वर्कर्स आज सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि गिग वर्कर्स देश की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उन्हें सामाजिक सुरक्षा, न्यूनतम आय की गारंटी तथा कानूनी पहचान मिलनी चाहिए।
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि राहुल गांधी का व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट युवाओं, श्रमिकों, किसानों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूत करने का अभियान है। कांग्रेस ने गिग वर्कर्स के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और गिग वर्कर्स मौजूद रहे।
