25 हजार का इनामी भू-माफिया गिरफ्तार, करोड़ों की धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड दून पुलिस की गिरफ्त में
देहरादून। भारत केसरी
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना राजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी भू-माफिया और कुख्यात गैंगस्टर विशाल कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी विशाल कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजपुर रोड स्थित एक बड़ी संपत्ति का सौदा करने के नाम पर एक कारोबारी से 6 करोड़ 75 लाख रुपये की ठगी की। इतना ही नहीं, आरोपी पर एक वृद्ध एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने का भी आरोप है, जिसका मुकदमा पहले से थाना राजपुर में दर्ज है।
लगातार फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और विभिन्न स्थानों पर दबिश अभियान चलाया। आखिरकार आईटी पार्क चौक के पास तपोवन रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी नया मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विशाल कुमार के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, जालसाजी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है।
दून पुलिस का कहना है कि भू-माफियाओं और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
