CM UTTRAKHANDUttrakhand

चारधाम-हेमकुंट यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। भारत केसरी

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रदेश में आने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का देवभूमि उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए उनसे यात्रा का आनंद लेने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

Oplus_16908288

मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू में हुई घटनाओं के संबंध में प्रशासन और पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई कर रहे हैं। जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंट साहिब यात्रा में शुरुआती दिनों में ही पिछले वर्ष की तुलना में 25 हजार अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करने वाली देवभूमि है। हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे पवित्र स्थलों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और राज्य सरकार सभी यात्रियों की सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने के प्रयास बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संवाद, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द ही किसी भी समस्या का स्थायी समाधान है तथा राज्य सरकार प्रदेश में शांति और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।