Uncategorized

ASMNI उत्तराखंड के अध्यक्ष बने वरिष्ठ पत्रकार अजय नौटियाल

देहरादून। भारत केसरी 

 

छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के राष्ट्रीय संगठन एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर्स ऑफ इंडिया (ASMNI) ने वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘सुनिए सरकार’ समाचार पत्र के प्रधान संपादक अजय नौटियाल को उत्तराखंड राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया है।

यह जिम्मेदारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार केशव दत्त (के.डी.) चंदोला ने उन्हें सौंपी। संगठन ने विश्वास जताया कि अजय नौटियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड के छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों तथा पत्रकारों की आवाज़ को नई मजबूती मिलेगी।

 

दो दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय अजय नौटियाल ने प्रिंट, डिजिटल और मीडिया प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने दैनिक आज, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान समाचार पत्र, दैनिक भास्कर सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया है। इसके अलावा वे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार में मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

 

नियुक्ति के बाद अजय नौटियाल ने कहा कि छोटे एवं मध्यम समाचार पत्र लोकतंत्र की जमीनी आवाज़ हैं। दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं, स्थानीय मुद्दों और जन सरोकारों को सरकार और समाज तक पहुंचाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता पत्रकारों और छोटे समाचार पत्रों के हितों, अधिकारों और चुनौतियों को प्रभावी ढंग से उठाने की रहेगी।

 

उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के.डी. चंदोला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन को उत्तराखंड में और अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए सभी साथियों के साथ मिलकर कार्य करेंगे।