डीएम का नारी निकेतन और बाल सुधार गृह निरीक्षण, सुरक्षा और पुनर्वास पर सख्त निर्देश
देहरादून। भारत केसरी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को केदारपुरम स्थित नारी निकेतन, बाल सुधार गृह एवं किशोरी गृह का स्थलीय निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता तथा पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बाल सुधार गृह के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां रह रहे किशोरों से संवाद कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, दिनचर्या एवं अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि बाल सुधार गृह में बेसिक लर्निंग प्रोग्राम संचालित किया जाए ताकि बच्चों की शैक्षिक और बौद्धिक क्षमता का बेहतर विकास हो सके।
डीएम ने बाल सुधार गृह में निवासरत सभी बालकों का विस्तृत प्रोफाइल तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालक की नियमित काउंसलिंग और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उनके मानसिक और शारीरिक विकास को मजबूती मिल सके। साथ ही पुनर्वास और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया।
नारी निकेतन और किशोरी गृह के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और उन्हें और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थानों में रह रही किशोरियों और महिलाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और अधिकारियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थानों में रहने वाले बच्चों और महिलाओं को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वर्तमान में नारी निकेतन में 160 संवासिनियां, बाल सुधार गृह में 7 किशोर तथा किशोरी संप्रेक्षण गृह में 12 किशोरियां निवासरत हैं।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष नमिता ममगाईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, सदस्य पी.एन. जौहर, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

