CRIME NEWSSSP DehradunUttrakhand

ऑपरेशन प्रहार: विकासनगर में 120 पेटी अवैध शराब बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

देहरादून, भारत केसरी

देहरादून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासनगर क्षेत्र से 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में जनपदभर में चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली विकासनगर पुलिस ने पांवटा साहिब की ओर से आ रहे एक संदिग्ध छोटा हाथी वाहन (एचआर-47-एच-9508) को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से चंडीगढ़ मार्का ‘9 वन’ ब्रांड की 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से जय सिंह, अमित कुमार और मंजीत को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी हरियाणा के निवासी हैं। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया।

 

इस संबंध में कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 188/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 63 एवं 72 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

*Bharat Kesari DIGITAL*

 

देहरादून पुलिस का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब, चरस, स्मैक, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।