उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी की अध्यक्ष नलिनी गोसाईं को मिला ‘नशा मुक्ति मित्र’ सम्मान
देहरादून। भारत केसरी
सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में **’नशा मुक्ति मित्र’ सम्मान** से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या तथा परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती द्वारा प्रदान किया गया।
सोसाइटी की अध्यक्ष नलिनी गोसाईं
ने सम्मान मिलने पर कहा कि यह उपलब्धि पूरे संगठन और समाज सेवा से जुड़े सभी लोगों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनके दिवंगत पिता से मिली समाज सेवा की प्रेरणा उन्हें लगातार जनहित के कार्यों के लिए आगे बढ़ने का संबल देती है।
नौनी सोसाइटी लंबे समय से महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा, स्वरोजगार प्रशिक्षण, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। सोसाइटी का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाकर समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है।
सम्मान प्राप्त होने पर सोसाइटी के सदस्यों ने इसे समाज सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी और बढ़ने का अवसर बताया। नलिनी गोसाईं ने आयोजकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनजागरूकता और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

