Uttrakhand

झोला अभियान और डांस थेरेपी के लिए डॉ. अनुभा पुंडीर को उत्तराखंड एक्सीलेंस अवार्ड 2026

देहरादून | जून 2026

भारत केसरी 

वैदिक इंटरनेशनल प्रमोटर्स सोसाइटी (VIP Society) द्वारा नगर निगम टाउन हॉल, देहरादून में आयोजित ‘उत्तराखंड एक्सीलेंस अवार्ड 2026’ समारोह में शिक्षा, समाज सेवा, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

 

समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजानदास, विधायक सविता कपूर, सिद्धार्थ अग्रवाल और सौरभ थपलियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की एसोसिएट प्रोफेसर एवं रघुकुल आर्यावर्त की उपाध्यक्ष डॉ. अनुभा पुंडीर को झोला अभियान (सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान) तथा डांस थेरेपी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखंड एक्सीलेंस अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया।

 

डॉ. अनुभा पुंडीर वर्ष 2012 से कपड़े के झोले के उपयोग को बढ़ावा देकर सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चला रही हैं। उन्होंने स्कूलों, विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों सहित विभिन्न सामाजिक मंचों पर हजारों लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए कपड़े का झोला अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

डॉ. पुंडीर एक शिक्षाविद्, शोधकर्ता, भरतनाट्यम कलाकार और योग साधिका भी हैं। उन्होंने डांस थेरेपी के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा को स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया है।

 

समारोह का विशेष आकर्षण डॉ. अनुभा पुंडीर की ब्रज भक्ति गीतों पर आधारित भरतनाट्यम प्रस्तुति रही, जिसमें राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं और ब्रज संस्कृति का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।

 

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अनुभा पुंडीर ने कहा कि यह सम्मान उन सभी लोगों का है जो पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति और समाज सेवा के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग कर कपड़े के झोले को अपनाने की अपील की।