उत्तराखंड के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। भारत केसरी
उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से धमकी भरी पोस्ट करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरी पोस्ट वायरल हुई थी, जिससे आमजन में भय और दहशत का माहौल पैदा हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी सर्विलांस, साइबर विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 28 जून को आरोपी जसप्रीत सिंह (26) निवासी अंबाला, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग क्षेत्र में हुए विवाद और उससे संबंधित पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने लोगों में दहशत फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से धमकी भरी टिप्पणी पोस्ट की थी।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। दून पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा भ्रामक एवं धमकीपूर्ण पोस्ट से बचने की अपील की है।

