राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में शामिल हुए उत्तराखंड के ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी
भारत केसरी
उत्तराखंड के ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में प्रतिभाग किया। यह सम्मेलन भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के तत्वावधान में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

सम्मेलन में देशभर के ग्रामीण विकास मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने “विकसित भारत @2047” के लक्ष्य को साकार करने के लिए ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं, नवाचारों और चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सम्मेलन से प्राप्त अनुभवों और विभिन्न राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को उत्तराखंड में लागू करने का प्रयास किया जाएगा। इससे केंद्र सरकार की ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा और राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “गांवों का विकास ही भारत का विकास” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

