CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की भूमि धोखाधड़ी में महिला समेत दो गिरफ्तार

देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने भू-माफियाओं के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की भूमि धोखाधड़ी के मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राजपुर रोड स्थित एक वृद्ध व्यक्ति की जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर करोड़ों रुपये में उसका सौदा कर दिया। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक अग्रवाल (52 वर्ष) और मान देवी (70 वर्ष) के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, 7 जून 2026 को राजपुर रोड निवासी बलवंत सिंह ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपक अग्रवाल और मान देवी ने उनकी मौजा डाक पट्टी, राजपुर रोड स्थित जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की। इसके बाद आरोपियों ने 120-120 गज के दो प्लॉट दिल्ली निवासी दो व्यक्तियों को बेचकर करोड़ों रुपये की रकम हासिल कर ली।

शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

 

एसएसपी के निर्देश पर चला ऑपरेशन

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लगातार दबिश के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।

लगातार प्रयासों के बाद 30 जून 2026 को राजपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजपुर तिराहे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • दीपक अग्रवाल, पुत्र गोपाल अग्रवाल, निवासी आशीर्वाद एंक्लेव, देहरा खास, थाना पटेलनगर, देहरादून (उम्र 52 वर्ष)
  • मान देवी, पत्नी रतन सिंह, निवासी 41 राजपुर रोड, देहरादून (उम्र 70 वर्ष)

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक अनित कुमार
  • कांस्टेबल अमित
  • कांस्टेबल मोहित
  • महिला कांस्टेबल प्रीति

दून पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत भूमि धोखाधड़ी और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।