संगठन मजबूत करने में जुटी उत्तराखंड कांग्रेस, 26 ब्लॉक और 28 नगर पंचायत अध्यक्षों की घोषणा
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 26 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों और 28 नगर पंचायत कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की मंजूरी के बाद जारी इस सूची को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाना है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए अध्यक्ष संगठन विस्तार के साथ-साथ कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नवनियुक्त अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बताया जा रहा है कि इन नामों पर लंबे समय तक मंथन और वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा के बाद सहमति बनी। हालांकि, कुछ ब्लॉक और नगर पंचायतों में अध्यक्षों के नामों पर अभी भी विचार-विमर्श जारी है। ऐसे क्षेत्रों की घोषणा अलग सूची में की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव राजेंद्र सिंह भंडारी की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देने की कोशिश की जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत चुनाव और आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है। ऐसे में यह नियुक्तियां पार्टी के लिए अहम मानी जा रही हैं।

