DEHRADUNDM DEHRADUN

“रात 8 बजे अस्पताल पहुंचे डीएम, ICU में बंद मिला एसी और खुल गई लापरवाही की पोल!”

देहरादून, भारत केसरी

देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल में बुधवार रात जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के औचक निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान आईसीयू में एयर कंडीशन बंद मिला, स्टॉक रजिस्टर अधूरे पाए गए और वार्डों में गंदगी देख डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने अस्पताल के पीआरओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, वहीं सीएमओ और सीएमएस की संयुक्त समिति गठित कर पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। निरीक्षण के दौरान मरीजों को फटे कंबल दिए जाने और अनावश्यक रेफर किए जाने की शिकायतों पर भी डीएम ने सख्त रुख अपनाया।

 

सर्जरी वार्ड में एक लावारिस मरीज की गंभीर स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। अस्पताल की लिफ्ट में गंदगी, सीसीटीवी की कमी और महिला शौचालय में पुरुष यूरिनल मिलने पर भी उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।

 

डीएम ने अस्पताल प्रशासन को सभी व्यवस्थागत कमियों को तत्काल दूर करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।